Main Slideराजनीति

‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस की महारैली आज, रामलीला मैदान में दिखेगा शक्ति प्रदर्शन

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर एक बड़ी महारैली आयोजित कर अपने अभियान को तेज करेगी। इस रैली को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे। इसके साथ ही सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी भी रैली में रहेगी। देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।

देशभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता

रैली को लेकर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पोस्टर लगाए गए हैं। हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और ओडिशा समेत कई राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता पहले कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में एकत्र होंगे और फिर बसों के जरिए रैली स्थल तक जाएंगे।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ करीब 55 लाख हस्ताक्षर एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबूतों के साथ यह मुद्दा उठाया है कि किस तरह मतदाता सूची में गड़बड़ियां हो रही हैं। वेणुगोपाल के मुताबिक, राहुल गांधी ने इस विषय पर गृह मंत्री को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी थी, लेकिन सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आया।

रैली के बाद राष्ट्रपति से मिलने की तैयारी

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह मुद्दा अब आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुका है और पार्टी ने इसे और आगे ले जाने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि रैली के बाद कांग्रेस की ओर से राष्ट्रपति से मिलने का अनुरोध किया गया है, ताकि 55 लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपा जा सके।

यह महारैली लोकसभा में चुनाव सुधारों को लेकर हाल ही में हुई तीखी बहस के कुछ दिनों बाद हो रही है। संसद में सरकार और विपक्ष के बीच मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली थी। कांग्रेस का कहना है कि यह रैली लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग को मजबूती से उठाने के लिए आयोजित की जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close