Main Slideमनोरंजन

दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामला : CCTV में कैद हुए हमलवार, छज्जे पर गोलियों के निशान

बरेली। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि तड़के दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं। इस घटना की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग ने ली है।

CCTV फुटेज में कैद हमलावर

शुक्रवार (12 सितंबर) की सुबह हुई इस घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें दो बदमाश बाइक पर आते दिखे और दिशा पाटनी के सिविल लाइन्स स्थित घर की ओर कई राउंड फायरिंग की। गोलीबारी के निशान घर की पहली मंजिल और छज्जे पर देखे गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस का बयान

 

बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि देर रात करीब साढ़े तीन बजे यह वारदात हुई। घटना के बाद FIR दर्ज कर ली गई है और पांच पुलिस टीमों को जांच के लिए लगाया गया है। परिवार की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।

 

गैंग की धमकी भरी पोस्ट

इस हमले की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग ने ली। पोस्ट में कहा गया कि यह हमला “संतों और सनातन धर्म का अपमान करने” के कारण किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में अगर किसी ने इस तरह की हरकत की तो उसे अंजाम भुगतना होगा।

पूरा मामला दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी की सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है। उन्होंने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज के उस बयान की आलोचना की थी जिसमें महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे गए थे। खुशबू ने कहा था कि वह संतों और आध्यात्मिक परंपराओं का सम्मान करती हैं, लेकिन महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के खिलाफ कुछ नहीं कहा था।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close