Main Slideराष्ट्रीय

पंजाब और हरियाणा के बीच पानी को लेकर जंग जारी, नांगल बांध के कंट्रोलिंग स्टेशन पर भारी संख्या में पुलिस तैनात

पंजाब। हरियाणा को भाखड़ा बांध से अतिरिक्त पानी देने का मामला वीरवार को टकराव में बदल गया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हरियाणा का पानी रोकने के लिए नंगल बांध के कंट्रोलिंग स्टेशन पर भारी संख्या में पुलिस तैनात करने के साथ वहां ताला लगवा दिया है। डीआईजी, एसएसपी को बांध की घेराबंदी में लगा दिया गया है। इसके बाद मान ने सख्त लहजे में कहा कि चाहे केंद्र सरकार हो या बीबीएमबी, कोई भी पंजाब का पानी लेकर दिखाए। इस मुद्दे पर उन्होंने शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक बुला ली है।

भगवंत मान वीरवार दोपहर नंगल बांध का मुआयना करने पहुंचे। मान ने कहा कि पुरानी सरकारों ने कभी पानी का सदुपयोग नहीं किया, जिसके चलते बाकी राज्यों को अतिरिक्त पानी जाता रहा। कागजों में ही पानी की समस्या हल होती रही। तीन महीने पहले जब वह दिल्ली के लिए पानी मांग रहे थे, तब मना किया जा रहा था। मान ने कहा कि वक्त बहुत बड़ी चीज है।

कानूनी जानकारों के अनुसार, केंद्र सरकार हरियाणा के लिए भाखड़ा से पानी का हिस्सा बढ़ा सकता है। इसके अलावा सिंधु जल समझौते पर रोक के बाद चिनाब, झेलम, उझ और अन्य नदियों से जो पानी आएगा, उसमें हरियाणा व अन्य राज्यों का विशेष ध्यान रखा जा सकता है। अभी हरियाणा को केवल भाखड़ बांध से पानी मिलता है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close