भाजपा नेताओं ने उपराज्यपाल से मुलाकात के लिए मांगा समय, सरकार बनाने का दावा करेंगे पेश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया है। शनिवार को दिल्ली चुनाव के नतीजे भी सामने आ गए, जिसमें जनता का आशीर्वाद भाजपा को पूर्ण बहुमत के रूप में मिला है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं अब जीत के बाद भाजपा नेताओं ने उपराज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा है। भाजपा के नेता एलजी से मुलाकात कर दिल्ली में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। देशभर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जीत के जश्न में डूबे हुए नजर आ रहे हैं।
आतिशी ने आज दिया इस्तीफा
बता दें कि 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की वापसी हुई है। वहीं आम आदमी पार्टी को इस बार हार मिली है। दिल्ली में हारने के बाद आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दिल्ली के राज्यपाल को सौंप दिया। आतिशी आज सुबह अपने आवास से निकलीं और फिर राजनिवास जाकर उन्होंने अपना इस्तीफा एलजी को सौंपा। वहीं अरविंद केजरीवाल ने अपने सभी 22 जीते हुए विधायकों को चाय पर बुलाया है। वह सभी विधायकों के साथ 4:30 बजे बैठक करेंगे। अभी तक 19 विधायक अरविंद केजरीवाल के घर पहुच गए हैं।