जन्माष्टमी पर लगाएं इन 8 चीजों का भोग, लड्डू गोपाल की बरसेगी कृपा

हर साल भाद्रपद के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाता है। इस बार यह त्योहार 18 और 19 अगस्त दोनों दिन मनाया जाएगा। इस दिन धूमधाम से मंदिर और घरों में भगवान कृष्ण का जन्म किया जाता है और उन्हें तरह-तरह के भोग अर्पित किए जाते हैं। वैसे तो मान्यता है कि भगवान कृष्ण को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाते हैं। लेकिन घर में 56 तरह के भोग बनाना काफी मुश्किल हो सकता है। ऐसे में आज हम आपको बताते हैं 8 ऐसी चीज है जो कान्हा जी को अति प्रिय है और आप इसका भोग इन्हें लगा सकते हैं।

माखन मिश्री
लड्डू गोपाल को माखन मिश्री सबसे ज्यादा प्रिय होता है। बचपन में अपनी मां यशोदा से छुप-छुप कर वह माखन मिश्री चुराकर खूब खाया करते थे। ऐसे में आप घर पर ताजी मलाई से मक्खन निकालकर मिश्री के साथ मिलाकर इसका भोग लड्डू गोपाल को लगा सकते हैं। इसमें तुलसी का पत्ता डालना ना भूलें। इससे भगवान का प्रसाद पूरा होता है।

धनिया की पंजीरी
श्री कृष्ण के जन्म के बाद उन्हें धनिया की पंजीरी का भोग भी लगाया जाता है। इसके लिए आप धनिया पाउडर को घी के साथ अच्छी तरह से भून लें। इसमें बादाम, किशमिश, काजू और मिश्री मिलाकर इसका प्रसाद उन्हें अर्पित करें।

मखाना
मखाने से बनी चीजें भी भगवान श्री कृष्ण को बहुत पसंद आती है। खासतौर पर जन्माष्टमी पर मखाने की खीर या फिर मखाना पाग का भोग जरूर लगाया जाता है। इसे बनाने के लिए आप मखाने को घी में भून लें। इसे दूध और चीनी के साथ पकाकर आप मखाना पाग बना सकते हैं।

खीरा
जन्माष्टमी की पूजा के दौरान भगवान श्री कृष्ण को खीरा भी चढ़ाया जाता है। इतना ही नहीं शालीग्राम के रूप में जब भगवान श्री कृष्ण का जन्म होता है तो उन्हें खीरे के अंदर से ही बाहर निकाला जाता है। ऐसे में जन्माष्टमी पर खीरा चढ़ाने का विशेष महत्व होता है।

पंचामृत
कान्हा जी की पूजा पंचामृत के बिना पूरी नहीं मानी जाती है। ऐसे में भगवान श्रीकृष्ण को भले ही कोई भी भोग क्यों ना लगाए लेकिन पंचामृत जरूर उन्हें अर्पित करें। इसमें दूध, दही, घी, तुलसी के पत्ते, गंगाजल और शहद इन चीजों को मिलाकर पंचामृत तैयार किया जाता है।

लड्डू
कान्हा जी का नाम तो खुद ही लड्डू गोपाल है। उन्हें लड्डू अति प्रिय होते हैं। ऐसे में आप कृष्ण जन्माष्टमी पर उन्हें ड्राई फ्रूट्स के लड्डू, बेसन के लड्डू या मोतीचूर के लड्डू का भोग लगा सकते हैं।

मथुरा के पेड़े
मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है। ऐसे में आप जन्माष्टमी पर कान्हा जी को मथुरा के पेड़े का भोग लगा सकते हैं। आजकल ये लगभग सभी जगह आसानी से मिल जाता है। आप चाहें तो इसे घर में बना सकते हैं।

खीर
कई त्योहारों के दौरान खीर बनाने के विशेष महत्व होता है। यह देसी मिठाई दूध, चावल और बादाम जैसे कई सारे ड्राईफ्रूट्स के साथ बनाई जाती है। भगवान कृष्ण को दूध से बनी हुई चीजें वैसे भी अधिक प्रिय है।