यूपी चुनाव 2027: मायावती का बड़ा ऐलान, BSP अकेले लड़ेगी चुनाव; कांग्रेस, सपा और बीजेपी को बताया अंबेडकर विरोधी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने ऐलान किया है कि BSP आगामी चुनाव अकेले दम पर लड़ेगी और किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मिशन 2027 में जुट जाएं।
मायावती ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों की सोच संकीर्ण है और ये बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा के विरोधी हैं। उनका आरोप है कि ये पार्टियां राजनीतिक स्वार्थ के लिए BSP से गठबंधन की बात करती हैं, लेकिन ऐसे गठबंधन से पार्टी को नुकसान ही होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विरोधी दलों की भ्रामक और मनगढ़ंत बातों पर ध्यान न दें। मायावती ने कहा कि BSP को 2007 की तरह पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी है और इसके लिए हाथी की मस्त चाल के साथ आगे बढ़ना होगा।
BSP सुप्रीमो ने यह भी कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, पार्टी को कमजोर करने के लिए विरोधियों की साजिशें बढ़ेंगी। ऐसे में केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के अंबेडकरवादियों को BSP और उसकी नेतृत्व क्षमता पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने बाबा साहेब के आत्मसम्मान और स्वाभिमान के आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि मिशनरी भावना के साथ तन, मन और धन से पार्टी के लिए समर्पित रहना ही समय की जरूरत है।






