मुजफ्फरनगर में 50 हजार का इनामी बदमाश अमजद मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में गुरुवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी अमजद मारा गया। इस दौरान बदमाश की गोली लगने से एक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह मुठभेड़ बुढाना कोतवाली क्षेत्र में थाना बुढाना, तितावी और शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई। पुलिस के अनुसार, अमजद पुत्र जिलेदीन निवासी ग्राम हरसौली थाना शाहपुर लंबे समय से वांछित चल रहा था। गुरुवार सुबह पुलिस टीम से मुठभेड़ के दौरान उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। घायल अमजद को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके पास से एक कार्बाइन, पिस्टल, बाइक और लूट का सामान बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अमजद एक कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधी था, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामले दर्ज थे।वह थाना बुढाना में दर्ज दो मामलों में वांछित था। सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस का कहना है कि अमजद लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसकी मौत के बाद उसके गिरोह की गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद है और कई लंबित मामलों की जांच में भी तेजी आएगी।







