पंजाब सरकार ने ऑपरेशन प्रहार-2 शुरू किया, अपराध और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

पंजाब में आम आदमी पार्टी की मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने ऑपरेशन प्रहार-२ लॉन्च किया है। यह पंजाब सरकार का विशेष अभियान है, जिसका उद्देश्य अपराध, गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करना है। यह मिशन 72 घंटे तक लगातार सीएम मान के नेतृत्व में चल रहा है।
अधिकारी कर रहे सख्त निगरानी
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव की अगुवाई में पूरे राज्य में छापेमारी, नाकाबंदी और धरपकड़ तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री स्वयं अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी जिलों में जाकर कार्रवाई की समीक्षा कर रहे हैं। हाई-टेक नाके, बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई और संदिग्ध इलाकों की घेराबंदी से अपराधी गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा रहा है।
गिरफ्तारियों और सफलता के आंकड़े
जनवरी में ऑपरेशन प्रहार के दौरान 3,256 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई थी और बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए थे। प्रहार-2 के तहत पिछले 20 दिनों में 17,603 छापेमारी की गई, जिनमें 5,290 गैंगस्टर और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। 128 हथियार बरामद किए गए और 344 घोषित भगोड़े पकड़े गए। नशे के खिलाफ अभियान भी तेजी से जारी है। मार्च 2025 से अब तक 48,167 नशा तस्करों की गिरफ्तारी, 2,149 किलो हेरोइन की बरामदगी और करोड़ों की ड्रग मनी जब्त की गई है।
समाज की भूमिका जरूरी
सरकार का कहना है कि यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपराध रोकथाम की ठोस नीति का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने जनता से हेल्पलाइन पर जानकारी देने और सुरक्षित पंजाब बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।







