यूपी विधानसभा में आज पेश होगा योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट, बड़े ऐलानों की उम्मीद

उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा। अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल का यह अंतिम बजट खासा अहम माना जा रहा है। चुनावी साल को देखते हुए इसमें कई बड़े ऐलानों की संभावना जताई जा रही है।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सदन में बजट पेश करेंगे। माना जा रहा है कि यह अब तक का सबसे बड़ा बजट हो सकता है। बजट से पहले उन्होंने मीडिया से कहा कि यह सर्व समाज की जनआकांक्षाओं के अनुरूप होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि बजट गरीबों के सम्मान, युवाओं के स्वाभिमान, मातृशक्ति के सशक्तिकरण और किसानों की समृद्धि को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। बजट पेश होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद ही बजट को विधानसभा में प्रस्तुत किया जाता है।
विपक्ष का हमला
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद रामगोपाल यादव ने बजट से पहले सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब केंद्रीय बजट से लोगों की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं, तो राज्य सरकार से क्या उम्मीद की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने गरीबों के घर उजाड़ दिए और सवाल उठाया कि अब बजट किसके लिए लाया जा रहा है।
डिप्टी सीएम ने बताया ऐतिहासिक
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बजट को ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीबों के उत्थान, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। मौर्य ने दावा किया कि यह बजट प्रदेश की 25 करोड़ जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगा। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 ही नहीं, 2047 तक भी प्रदेश में समाजवादी पार्टी और देश में कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी।







