कनाडा में भारतीय मूल के टेक एक्सपर्ट की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, परिवार में मचा कोहराम

टोरंटो| कनाडा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शनिवार को टोरंटो में भारतीय मूल के एक टेक एक्सपर्ट की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय चंदन कुमार राजा नंदकुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले के नेलमंगला के पास स्थित थ्यामागोंडलू गांव के रहने वाले थे। वह पिछले छह वर्षों से कनाडा में रह रहे थे और ग्रेटर टोरंटो एरिया के ब्रैम्पटन में बसे हुए थे।घटना टोरंटो के एक व्यस्त शॉपिंग मॉल के बाहर हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, यह इस साल टोरंटो में हुई तीसरी हत्या है।
शॉपिंग मॉल के बाहर कार में बैठे थे चंदन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चंदन वुडबाइन शॉपिंग सेंटर के प्रवेश द्वार के पास रेक्सडेल बुलेवार्ड से सटे पार्किंग एरिया में अपनी एसयूवी में बैठे थे। तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। यह वारदात स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। हमलावर एक वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
टोरंटो पुलिस सेवा ने बयान जारी कर बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां चंदन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटनास्थल से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में चंदन की सफेद कार गोलियों से छलनी नजर आ रही है। इसी आधार पर पुलिस इस मामले को ‘टारगेट किलिंग’ मानकर जांच कर रही है।
परिवार को फोन से मिली मौत की सूचना
इस दर्दनाक घटना की खबर भारत में उनके परिवार तक बेहद दुखद तरीके से पहुंची। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में परिवार के एक सदस्य ने बताया कि सबसे पहले कनाडा से एक अस्पष्ट फोन कॉल आया। चंदन के चाचा को कॉल किया गया था, लेकिन फोन करने वाला केवल अंग्रेजी में बात कर रहा था, जिससे वे पूरी बात समझ नहीं पाए। बाद में एक अन्य भारतीय ने फोन कर साफ तौर पर बताया कि चंदन की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
कौन थे चंदन कुमार राजा?
चंदन कुमार राजा नंदकुमार ने बेंगलुरु के सप्तगिरि कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में स्नातक की पढ़ाई की थी। वह कनाडा में लार्सन एंड टुब्रो की सहायक कंपनी एलटीआई माइंडट्री में कार्यरत थे। इससे पहले उन्होंने बेंगलुरु में कॉग्निजेंट में भी काम किया था।दोस्तों के मुताबिक, चंदन ने कनाडा में एक स्थिर और सफल जीवन बना लिया था। वह टोरंटो के कन्नड़ समुदाय में काफी सक्रिय थे और कन्नड़ फिल्मों, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन और प्रचार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे।
पिता की भावुक अपील- भारत लाया जाए पार्थिव शरीर
चंदन के पिता नंदन कुमार नेलमंगला में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा छह साल पहले कनाडा गया था और वहीं बस गया था। उन्होंने भावुक होकर कहा, “मैंने कई बार उससे वापस आने को कहा, लेकिन वह टालता रहा। वहां उसके अच्छे दोस्त थे और उसे वहीं रहना पसंद था। अप्रैल में उसका भारत आने का प्लान था।” बेटे की हत्या से टूट चुके पिता ने कहा, “मैं कनाडा नहीं जा सकता। मैं भारत सरकार से निवेदन करता हूं कि मेरे बेटे का पार्थिव शरीर भारत लाया जाए, ताकि हम यहां उसका अंतिम संस्कार कर सकें।”इस घटना के बाद न सिर्फ चंदन का परिवार, बल्कि भारत और कनाडा में रहने वाला कन्नड़ समुदाय भी गहरे सदमे में है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।






