बजट सत्र में गतिरोध बरकरार, विपक्ष के हंगामे से टला पीएम मोदी का संबोधन, बिना जवाब के पास हो सकता है धन्यवाद प्रस्ताव

संसद के बजट सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव लगातार जारी है। बुधवार को भी विपक्षी सांसदों के जोरदार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही नहीं चल सकी, जिसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित संबोधन टल गया। अब एजेंसी सूत्रों के हवाले से खबर है कि लोकसभा में पीएम मोदी के जवाब के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जा सकता है।
बुधवार शाम करीब पांच बजे जब लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तो विपक्ष की महिला सांसदों ने सत्ता पक्ष की बेंचों को घेर लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री की कुर्सी के आसपास भी प्रदर्शन किया गया और सांसदों के हाथों में बैनर देखे गए। स्पीकर की बार-बार चेतावनी के बावजूद हंगामा जारी रहा, जिसके चलते सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। इसी कारण प्रधानमंत्री का संबोधन नहीं हो सका।
राज्यसभा में भी बढ़ सकता है टकराव
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दिन के दूसरे हिस्से में राज्यसभा में भाषण दे सकते हैं। हालांकि विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि वह राज्यसभा में भी पीएम के संबोधन के दौरान विरोध प्रदर्शन कर सकता है। विपक्षी दलों की रणनीति पीएम को राज्यसभा में भी बोलने से रोकने की बताई जा रही है।
कांग्रेस का आरोप, नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका जा रहा
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जानबूझकर सदन में बोलने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दे उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा। जयराम रमेश ने बताया कि इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी की बैठक हुई है और गुरुवार सुबह 10 बजे सभी विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के चेंबर में बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्रियों पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं और विपक्ष इस पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। जयराम रमेश के अनुसार, पिछले तीन दिनों से राहुल गांधी को सदन में बोलने का अवसर नहीं दिया गया है।
पीएम मोदी पर राहुल गांधी का हमला
इस बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम घबराए हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जो ट्रेड डील पिछले चार महीनों से अटकी हुई थी, उसे अचानक बिना किसी स्पष्ट कारण के साइन कर दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि डील रुकने और फिर अचानक पूरी होने की वजह सरकार को देश को बतानी चाहिए। बजट सत्र के दौरान लगातार हो रहे हंगामे के चलते संसद की कार्यवाही बाधित बनी हुई है और आने वाले दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।







