Main Slideअन्तर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद पीएम मोदी का संदेश- आत्मविश्वास से साकार होगा विकसित भारत का सपना

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच हुए अहम व्यापार समझौते के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है। मंगलवार को पीएम मोदी ने कहा कि आत्मविश्वास ही वह ताकत है, जो असंभव को भी संभव बना सकती है और यही शक्ति विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

पीएम मोदी का यह बयान भारत-अमेरिका ट्रेड डील के ठीक एक दिन बाद आया है। इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले पारस्परिक आयात शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जिसे दोनों देशों के आर्थिक संबंधों के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आत्मविश्वास वह शक्ति है, जिसके बल पर सब कुछ संभव है।” उन्होंने आगे कहा कि नागरिकों का यही आत्मबल विकसित भारत के सपने को साकार करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने संस्कृति का एक दोहा भी साझा किया। दोहे का भावार्थ यह है कि धन कर्म से अर्जित होता है, साहस और आत्मविश्वास से बढ़ता है, कौशल व दक्षता से स्थिर रहता है और अनुशासन के संरक्षण में राष्ट्र की प्रगति में योगदान देता है।

उधर, भारत-अमेरिका ट्रेड डील से उत्साहित एनडीए नेताओं ने मंगलवार सुबह संसद भवन में हुई एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया। बैठक के दौरान गठबंधन के नेताओं ने प्रधानमंत्री को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। ट्रेड डील को लेकर एनडीए में उत्साह साफ तौर पर देखने को मिला और इसे भारत की आर्थिक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम बताया गया।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close