धुरंधर: द रिवेंज का टीजर आज होगा रिलीज, रणवीर सिंह का इंटेंस फर्स्ट लुक पोस्टर आया सामने

आदित्य धर की बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर पार्ट 2 का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मेकर्स आज मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को धुरंधर: द रिवेंज का आधिकारिक टीजर रिलीज करने जा रहे हैं। इससे पहले फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसमें रणवीर सिंह बेहद आक्रामक और इंटेंस अंदाज में नजर आ रहे हैं।
रणवीर सिंह ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर नया पोस्टर साझा कर टीजर रिलीज की पुष्टि की। पोस्टर में वह बारिश में भीगते हुए ब्लैक लेदर जैकेट में दिखाई दे रहे हैं। लाल रंग की थीम वाला यह पोस्टर फिल्म के हिंसक और जोशीले मूड को साफ तौर पर दर्शाता है। मेकर्स ने पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा, “अब बिगाड़ने का वक्त आ गया है। धुरंधर: द रिवेंज का टीजर आज दोपहर 12:12 बजे जारी होगा।” साथ ही यह भी बताया गया कि फिल्म 19 मार्च 2026 को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पोस्टर सामने आते ही रणवीर सिंह के फैंस और सेलेब्स के रिएक्शन भी आने लगे। शालिनी पासी ने कमेंट किया, “अब शांत नहीं बैठा जाता, ओएमजी।” शिल्पा शेट्टी, भूमि पेडनेकर और ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ फेम आन्या सिंह समेत कई सितारों ने फायर इमोजी के जरिए रणवीर के लुक की तारीफ की। सोशल मीडिया पर फैंस भी फिल्म और टीजर को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा रहे हैं।
गौरतलब है कि धुरंधर के पहले भाग के साथ ही इसके सीक्वल की घोषणा कर दी गई थी। अब दूसरे भाग की रिलीज डेट भी तय हो चुकी है। 19 मार्च 2026 को रिलीज होने जा रही इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म टॉक्सिक से सीधा मुकाबला होगा, जो उसी दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी।







