केंद्रीय बजट पर सीएम योगी की प्रेस कॉन्फ्रेंस, यूपी के लिए बताया विजनरी और विकासोन्मुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (2 फरवरी) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्रीय बजट को विजनरी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन से प्रस्तुत किया गया है और यह बजट हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का बोध कराने का संदेश भी देता है।
सीएम योगी ने बजट में उत्तर प्रदेश को मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि इसके जरिए देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि बजट में एमएसएमई सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसका सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यूपी देश में एमएसएमई सेक्टर का नेतृत्व करता है और यहां करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनके माध्यम से लगभग 3 करोड़ लोग आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह 10,000 करोड़ रुपये का फंड एमएसएमई सेक्टर को नई तकनीक, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, निर्यात और पैकेजिंग की नई संभावनाओं से जोड़ने में मदद करेगा। इससे उत्तर प्रदेश को भविष्य में और अधिक मजबूती मिलेगी और राज्य इस योजना का सर्वाधिक लाभ उठाने में सक्षम होगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर सीएम योगी ने कहा कि बजट में 12 लाख 20 हजार करोड़ रुपये का फंड इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए तैयार किया गया है, जिससे कनेक्टिविटी और अन्य महत्वपूर्ण सेक्टरों को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि देश में प्रस्तावित सात नए रेलवे कॉरिडोर में से दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलिगुड़ी कॉरिडोर उत्तर प्रदेश को मिले हैं, जिससे राज्य की रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने वॉटर-वे परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बजट में 20 वॉटर-वे के विकास की योजना है। उत्तर प्रदेश में देश का पहला इनलैंड वॉटर-वे वाराणसी से हल्दिया के बीच पहले ही शुरू हो चुका है। इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज और यमुना नदी के साथ-साथ अयोध्या से हल्दिया तक वॉटर-वे संचालन के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राप्ती और गोमती नदियों में भी ऐसी संभावनाएं हैं, जिनका भविष्य में लाभ उठाया जा सकता है।
बायो फार्मा सेक्टर पर बात करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में नई संभावनाओं के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि ललितपुर में करीब 1200 एकड़ क्षेत्र में बल्क ड्रग पार्क के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। वहीं, गौतम बुद्ध नगर के यमुना अथॉरिटी क्षेत्र में मेडिकल डिवाइस पार्क की योजना भी उन्नत चरण में है और इसे तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।







