टी20 विश्व कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर संकट, मैच बहिष्कार की बात से मचा बवाल

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला क्रिकेट मुकाबला हमेशा से दुनिया का सबसे बड़ा मैच माना जाता है, फिर चाहे वह किसी भी स्तर का टूर्नामेंट क्यों न हो। टी20 विश्व कप 2026 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन इसी बीच पाकिस्तान की ओर से आए एक बयान ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। पाकिस्तान सरकार ने संकेत दिए हैं कि उनकी टीम टी20 विश्व कप तो खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले का बहिष्कार कर सकती है।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मैच खेलने से पीछे हट सकती है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अब तक इस फैसले को लेकर आईसीसी को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है। ऐसे में अब सबकी नजरें आईसीसी पर टिकी हैं कि यदि ऐसा कोई औपचारिक पत्र आता है तो वह इस मामले में क्या रुख अपनाती है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान के इस कदम पर आईसीसी की ओर से कार्रवाई तय मानी जा रही है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने हाल ही में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद कहा था कि भारत के खिलाफ मैच को लेकर सभी विकल्प खुले हैं और अंतिम फैसला शुक्रवार या सोमवार तक लिया जाएगा। हालांकि, न तो शुक्रवार को कोई बयान आया और न ही सोमवार का इंतजार किया गया। यह फैसला रविवार देर शाम सामने आया, ठीक उसी समय जब अंडर-19 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं।
अंडर-19 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को अहम मुकाबले में मात दी, जिससे पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 252 रन बनाए। पाकिस्तान को न सिर्फ यह मैच जीतना था, बल्कि बेहतर रन रेट के साथ लगभग 35 ओवर में लक्ष्य हासिल करना जरूरी था, जो वह नहीं कर सका। जैसे ही यह साफ हुआ कि पाकिस्तान सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगा, उसी दौरान भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच न खेलने की बात सामने आ गई, जिससे फैसले की टाइमिंग पर सवाल उठने लगे हैं।
टी20 विश्व कप के इतिहास पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल सात मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने सात मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक जीत नसीब हुई है। वर्ष 2007 का एक मैच टाई रहा था, जिसे भारत ने बॉल आउट में अपने नाम किया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि लगातार हार के दबाव और संभावित 8-1 के आंकड़े से बचने के लिए पाकिस्तान इस बड़े मुकाबले से पीछे हटने का रास्ता तलाश रहा है।
हालांकि, इस पूरे विवाद के पीछे की असल वजह क्या है, यह आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन मौजूदा हालात और भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए इतना जरूर कहा जा सकता है कि भारत के खिलाफ खेलने को लेकर पाकिस्तान में असहजता और हार का डर साफ झलक रहा है।







