सीएम योगी ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा, संविधान के मूल्यों को बताया लोकतंत्र की आत्मा

लखनऊ भारत आज पूरे उत्साह और गर्व के साथ 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। देश का हर कोना तिरंगे की शान में रंगा नजर आ रहा है। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों में मुख्यमंत्रियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” का सपना आज मजबूती से साकार हो रहा है और देश अपने संकल्पों के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि संविधान ने भारत को स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूल्यों की अमूल्य धरोहर दी है। यही मूल्य हमारे लोकतंत्र की नींव हैं और देश को एक सूत्र में बांधे रखते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था और बीते 76 वर्षों की यात्रा में देश ने कई उतार–चढ़ाव देखे, लेकिन इसके बावजूद भारत की एकता और अखंडता और भी सशक्त हुई है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक आज भारत की एकता स्पष्ट दिखाई देती है, जिसमें संविधान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।







