Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति से लेकर पीएम और सीएम तक ने दी बधाई, विकास में यूपी की भूमिका को सराहा

लखनऊ। पूरे प्रदेश में आज उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश का गठन हुआ था। इससे पहले यह क्षेत्र ‘यूनाइटेड प्रॉविंस ऑफ आगरा एंड अवध’ के नाम से जाना जाता था, जिसकी नींव 1902 में पड़ी थी। वर्ष 1950 में इसका नाम बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया। वर्ष 2000 तक उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा रहा, जिसे बाद में अलग राज्य का दर्जा दिया गया।

स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति वाला उत्तर प्रदेश भारत की विकास यात्रा का मजबूत आधार स्तंभ रहा है। उन्होंने प्रदेश के लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में बीमारू राज्य से बेमिसाल प्रदेश बनने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की प्रगति को गति देने में उत्तर प्रदेश की भूमिका आने वाले समय में और भी महत्वपूर्ण होगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि गंगा-यमुना की पावन भूमि उत्तर प्रदेश ने देश को संस्कृति, साधना, शक्ति और संकल्प का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के तहत प्रदेश विकास और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों और प्रवासी उत्तर प्रदेशियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहकर प्रवासी भारतीयों ने अपने परिश्रम और प्रतिभा से प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके अनुभव और ज्ञान को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज बीमारू राज्य की छवि से निकलकर भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close