क्रिसमस पर प्रधानमंत्री मोदी ने चर्च में प्रार्थना में लिया हिस्सा, नेताओं ने दीं देशवासियों को शुभकामनाएं

क्रिसमस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह दिल्ली स्थित कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन पहुंचे, जहां उन्होंने ईसाई समुदाय के साथ प्रार्थना में भाग लिया। इस प्रार्थना सभा में दिल्ली और उत्तर भारत से बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग शामिल हुए। दिल्ली के बिशप रेव्ह डॉ. पॉल स्वरूप ने इस दौरान प्रधानमंत्री के लिए विशेष प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि क्रिसमस की सुबह चर्च में आयोजित प्रार्थना सभा में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलकता है। उन्होंने कामना की कि क्रिसमस की भावना समाज में सद्भाव और आपसी सौहार्द को और मजबूत करे।इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व शांति, करुणा और आशा से परिपूर्ण हो तथा ईसा मसीह की शिक्षाएं समाज में सद्भाव को सुदृढ़ करती रहें।
प्रधानमंत्री मोदी बीते कुछ वर्षों से ईसाई समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेते रहे हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने ईस्टर के अवसर पर दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की थी। उसी वर्ष क्रिसमस पर उन्होंने अपने आवास लोक कल्याण मार्ग पर एक कार्यक्रम की मेजबानी की थी। वर्ष 2024 में भी उन्होंने मंत्री जॉर्ज कुरियन के आवास पर आयोजित डिनर और कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया के कार्यक्रम में भाग लिया था। इसे समुदाय के साथ उनके निरंतर संवाद के रूप में देखा जा रहा है।
इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। वीडियो में वह क्रिसमस ट्री के पास खड़े नजर आए और उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां, आनंद और समृद्धि लेकर आए। उधर, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी क्रिसमस के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मसीह का संदेश आशा, प्रेम और दया से भरा है, जो समाज को और अधिक संवेदनशील, मजबूत और शांतिपूर्ण बनाने की प्रेरणा देता है।







