Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

अयोध्या में नौवां दीपोत्सव 2025: 28 लाख दीपों से जगमगाएंगे 56 घाट, बनेगा नया विश्व रिकॉर्ड

अयोध्या में इस वर्ष नौवां दीपोत्सव अब तक का सबसे भव्य और ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस बार सरयू नदी के तट पर स्थित 56 घाटों पर लगभग 28 लाख दीप जलाने की तैयारी की जा रही है। यह आयोजन न केवल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक होगा, बल्कि एक नया विश्व रिकॉर्ड भी स्थापित करेगा।सरकारी बयान के अनुसार, दीपोत्सव 2025 में 28 लाख दीपों के प्रज्वलन की तैयारी चल रही है, जिससे अयोध्या एक बार फिर विश्व स्तर पर अपनी संस्कृति, आस्था और गौरव का प्रकाश फैलाएगी।

पहली बार लक्ष्मण किला घाट शामिल

इस वर्ष दीपोत्सव की खासियत यह है कि पहली बार लक्ष्मण किला घाट को भी इस आयोजन में शामिल किया गया है। यह पर्व केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिकता और विश्वबंधुत्व का प्रतीक माना जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य अयोध्या के विकास और राम मंदिर निर्माण के विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश को धार्मिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाना है। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु और देश-विदेश से आए पर्यटक इस दिव्य नजारे के साक्षी बनेंगे।

राम की पैड़ी बनेगी मुख्य आकर्षण

लक्ष्मण किला घाट पर सवा चार लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, जबकि राम की पैड़ी और चौधरी चरण सिंह घाट पर करीब साढ़े चार लाख दीप जलाए जाएंगे। भजन संध्या घाट पर साढ़े पांच लाख दीपों की रौशनी से सरयू तट अलौकिक आभा में नहाएगा। मुख्य आकर्षण राम की पैड़ी रहेगी, जहां 15 से 16 लाख दीपों की अविरल ज्योति पूरे घाट को जगमग कर देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और पूरे वातावरण में ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष गूंज उठेंगे।

विश्व रिकॉर्ड की नई तैयारी

अयोध्या का दीपोत्सव पहले भी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है। इस बार लक्ष्य है पिछले रिकॉर्ड को तोड़कर 28 लाख दीपों का नया कीर्तिमान स्थापित करने का। इसके लिए सरकार, प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाएं व्यापक तैयारियों में जुटी हैं। दीपों की सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पर्यटकों के स्वागत की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।अयोध्या का यह दीपोत्सव एक बार फिर न केवल भारत की आस्था का प्रतीक बनेगा, बल्कि विश्व मंच पर उसकी सांस्कृतिक पहचान को और प्रखर करेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close