उत्तर प्रदेश

हाई कोर्ट बेंच के लिए सड़क पर उतरा सर्व समाज, बेगमपुल पर बनाई मानव श्रृंखला

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग के लिए आज वकीलों के साथ तमाम व्यापारिक संगठनों, राजनैतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से बड़े आंदोलन का ऐलान किया। मेरठ के बेगमपुल पर मानव श्रृंखला बनाते हुए हजारों लोगों ने केंद्र और प्रदेश सरकार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जल्द से जल्द हाई कोर्ट बेंच देने की मांग उठाई। वकीलों ने इस मुद्दे पर जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की भी बात कही है। बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर केंद्रीय संघर्ष समिति के बैनर तले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जनपदों में एक साथ आंदोलन का ऐलान किया गया था। इस आंदोलन में वकीलों ने सभी राजनैतिक दलों, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों सहित जिले की जनता से भी सहयोग मांगा था।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय शर्मा, संयोजक राजेंद्र सिंह राणा, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव त्यागी तथा महामंत्री अमित राणा के नेतृत्व में मेरठ के वकीलों ने भी कचहरी में हड़ताल रखी। इसी के साथ कचहरी से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए वकील बेगमपुल पहुंचे। जहां सपा, बसपा, कांग्रेस और आरएलडी सहित कई किसान संगठनों, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों से जुड़े हजारों लोग मौजूद रहे। हालांकि भाजपा के जनप्रतिनिधि इस आंदोलन से दूर दिखाई दिए। हाईकोर्ट बेंच के समर्थन में बेगमपुल पर मानव श्रृंखला बनाते हुए हजारों लोगों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वकीलों ने आरोप लगाया कि पिछले कई दशकों से सभी सरकारें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर गोल-गोल जवाब दे रही हैं। भाजपा जब विपक्ष में होती है, तब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच का समर्थन करती है। लेकिन, अब यूपी और केंद्र सरकार में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भाजपा के जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर बात करने को तैयार नहीं हैं। कई बार मुख्यमंत्री से मिलकर भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग की आवाज उठाई गई है। मगर, कोई सार्थक हल नहीं निकला।

वरिष्ठ अधिवक्ता रामकुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि वकीलों की पूरब की लॉबी के दबाव में भाजपा के नेता भी इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं करना चाहते। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की घोषणा नहीं की गई तो सभी दलों और संगठनों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा। उधर, वकीलों के आंदोलन के चलते बेगमपुल पर भारी मात्रा में फोर्स तैनात रही। सुबह 11:00 से दोपहर 1:00 बजे तक जीरो माइल स्टोन और चिराग चौराहे से रूट डायवर्ट करते हुए जनता को वैकल्पिक मार्गो से निकाला गया। मगर, इसके बावजूद वकीलों की प्रदर्शन के चलते शहर में कई स्थानों पर दोपहर बाद तक जाम के हालात बने रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close