Main Slideप्रदेश

कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर ‘हिंदू गौरव दिवस’, भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत

अलीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता दिवंगत कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित हिंदू गौरव दिवस’ को लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी का मकसद इस आयोजन के जरिए हिंदुत्व एजेंडे को धार देने के साथ-साथ आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत आधार तैयार करना है।

कल्याण सिंह का परिवार हर वर्ष यह आयोजन करता रहा है, लेकिन 2023 की तरह इस बार भी भाजपा ने प्रत्यक्ष रूप से इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी दिखाई है। आयोजन की तैयारी में वार्ड और मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। देर रात तक टीमें भीड़ जुटाने में लगी रहीं और सुबह आयोजन स्थल पर अपनी ताकत का प्रदर्शन करने को तैयार दिखेंगी।

अलीगढ़ क्यों चुना गया?

मूल रूप से यह आयोजन अयोध्या में होना प्रस्तावित था, ताकि राम मंदिर आंदोलन के नायक कहे जाने वाले कल्याण सिंह को उसी धरती से श्रद्धांजलि दी जा सके। मगर परिस्थितियों के चलते आयोजन स्थल अलीगढ़ तय हुआ। इसके पीछे दो बड़े कारण बताए जा रहे हैं—पहला, अलीगढ़ कल्याण सिंह की जन्म और कर्मभूमि है। दूसरा, यह इलाका पश्चिमी यूपी में धार्मिक ध्रुवीकरण का अहम केंद्र माना जाता है। यहां से निकलने वाला सियासी संदेश दूर तक असर डाल सकता है।

80 हजार भीड़ का लक्ष्य

परिवार और संगठन की ओर से इस आयोजन में 80 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पश्चिमी यूपी और ब्रज क्षेत्र के जिलों से व्यापक तैयारी की गई है।

बीते वर्ष का आयोजन

साल 2023 में भी अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में हुए कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सहित कई मंत्री शामिल हुए थे। तब भी इन नेताओं ने कार्यकर्ताओं से यूपी की सभी सीटें जीतने का संकल्प लेने की अपील की थी और इसे ही कल्याण सिंह जैसे नेता को सच्ची श्रद्धांजलि बताया था।इस बार भी भाजपा इस आयोजन के जरिए हिंदुत्व और सामाजिक समीकरणों को साधने की पूरी कोशिश कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close