Main Slideमौसम

देश के कई राज्यों में मॉनसूनी कहर, हिमाचल से मध्य प्रदेश तक हालात भयावह

देश के कई हिस्से इस समय मॉनसूनी तबाही की चपेट में हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। सड़कें जलमग्न हैं, खेत डूब चुके हैं, और कई जगह भूस्खलन ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह बाधित कर दिया है।भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कई राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश: मंडी में बादल फटा, 3 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात बादल फटने से फ्लैश फ्लड की स्थिति बन गई। इस आपदा में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।तेज बारिश के साथ आए मलबे और भारी-भरकम पत्थरों ने घरों और दुकानों को तबाह कर दिया। मंडी के आसपास करीब 5 किलोमीटर के इलाके में सड़कें मलबे से पट गई हैं। बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है और प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है।कांगड़ा जिले में भी लगातार तेज बारिश हो रही है, और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है।

मध्य प्रदेश: गुना में डैम टूटा, उज्जैन में दीवार ढही

मध्य प्रदेश के गुना जिले के कलोरा गांव में 70 साल पुराना डैम का वेस्टवियर टूट गया, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। क्षेत्र की सड़कें, मकान, दुकानें और खेत पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं।न्यू सिटी कॉलोनी में पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि मकानों की एक पूरी मंजिल डूब गई और घरों का सारा सामान बह गया। लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं। प्रशासन ने प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा है और अन्य को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।

उज्जैन में भी हालात गंभीर हैं। लालबाई फूलबाई चौराहे के पास नगर निगम के कांजी हाउस की दीवार बारिश के चलते ढह गई, जिसके नीचे एक कार और स्कूटी दब गईं। हालांकि, गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानहानि नहीं हुई।मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 34 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

IMD का अलर्ट: आने वाले दिन और मुश्किल

भारतीय मौसम विभाग ने चेताया है कि आने वाले 48 घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। अधिकारियों से सतर्कता बरतने को कहा गया है, और आम जनता से जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलने की अपील की गई है।राहत और बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सहायता पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close