ईरान को एयर डिफेंस सिस्टम देने की तैयारी में चीन, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का दावा

अमेरिकी मीडिया ने शुक्रवार देर रात अपनी रिपोर्ट में बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के अनुसार चीन अगले कुछ हफ्तों में ईरान को नए एयर डिफेंस सिस्टम देने की तैयारी कर रहा है। यह जानकारी हालिया खुफिया आकलन से परिचित तीन सूत्रों के हवाले से दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, संकेत मिले हैं कि बीजिंग इन सैन्य उपकरणों की खेप को तीसरे देशों के जरिए भेजने की कोशिश कर सकता है, ताकि उनके मूल स्रोत को छिपाया जा सके। हालांकि, इस मामले पर अमेरिकी विदेश विभाग, व्हाइट हाउस और वॉशिंगटन स्थित चीनी दूतावास ने रॉयटर्स के सवालों का तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब मध्य पूर्व में युद्धविराम को स्थिर करने के अंतरराष्ट्रीय प्रयास जारी हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की जानकारी चीनी बंदरगाहों और हवाई अड्डों पर हो रही लॉजिस्टिक गतिविधियों की निगरानी पर आधारित बताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह सैन्य सहायता ईरान तक पहुंचती है, तो क्षेत्र में शक्ति संतुलन बदल सकता है और दोबारा सैन्य संघर्ष की स्थिति में तनाव और बढ़ सकता है।
इस बीच, ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने पाकिस्तान में संभावित बातचीत को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि बातचीत के दौरान अमेरिका “इजरायल फर्स्ट” के प्रतिनिधियों के साथ शामिल होता है, तो किसी समझौते की संभावना नहीं होगी। आरिफ ने कहा कि अगर इस्लामाबाद में “अमेरिका फर्स्ट” दृष्टिकोण के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत होती है, तो दोनों पक्षों और दुनिया के लिए लाभकारी समझौता संभव है। लेकिन यदि बातचीत “इजरायल फर्स्ट” रुख के साथ होती है, तो ईरान अपनी रक्षा और अधिक मजबूती से जारी रखेगा, जिसके वैश्विक परिणाम भी गंभीर हो सकते हैं।







