15 अप्रैल को मिल सकता है नया सीएम, बिहार में सियासी सरगर्मी बढ़ी

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जल्द ही पद से इस्तीफा देने की चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि वे अब सक्रिय राज्य राजनीति से हटकर केंद्र में भूमिका निभा सकते हैं और राज्यसभा के सदस्य के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं, जिसके लिए वे दिल्ली पहुंच चुके हैं। शपथ के बाद वे उसी शाम पटना लौट सकते हैं। बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल को कैबिनेट बैठक होगी और 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उसी दिन एनडीए और सहयोगी दलों की बैठक होगी, जिसमें नए नेता के नाम पर सहमति बनाई जाएगी। इसके बाद 15 अप्रैल को बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है और शपथ ग्रहण समारोह गांधी मैदान में आयोजित होने की संभावना है।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने संकेत दिए हैं कि गठबंधन में सब कुछ सामान्य है और मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा जल्द की जाएगी। पार्टी नेताओं ने यह भी कहा है कि सत्ता परिवर्तन को लेकर कोई मतभेद नहीं है। संभावित नामों की बात करें तो सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है, जबकि नित्यानंद राय का नाम भी चर्चा में है। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि बिहार की कमान किसके हाथों में जाएगी।







