होर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव बढ़ा, इजरायल का दावा – IRGC नेवी चीफ अलीरेजा तंगसिरी मारे गए

मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच इजरायल की ओर से बड़ा दावा किया गया है। एक इजरायली सैन्य अधिकारी के अनुसार, ईरान की IRGC नेवी के प्रमुख अलीरेजा तंगसिरी की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बंदर अब्बास पर हुई एक सैन्य स्ट्राइक में उनकी जान गई। हालांकि, इस दावे पर अभी तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इजरायली अधिकारी का कहना है कि तंगसिरी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कराने की रणनीति में प्रमुख भूमिका निभा रहे थे। अगस्त 2018 से IRGC नेवी की कमान संभाल रहे तंगसिरी हाल के दिनों में खाड़ी क्षेत्र, खासकर होर्मुज स्ट्रेट को लेकर काफी आक्रामक रुख अपनाए हुए थे। पिछले सप्ताह उन्होंने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी और वहां मौजूद नागरिकों व कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा था।
क्यों अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्गों में से एक है। यह उत्तर में ईरान और दक्षिण में ओमान व यूएई के बीच स्थित है। यही रास्ता फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और आगे अरब सागर से जोड़ता है। वैश्विक स्तर पर लगभग 20 प्रतिशत कच्चा तेल और LNG इसी मार्ग से होकर गुजरता है।
बंद होने पर क्या होगा असर
यदि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होता है, तो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है। कच्चे तेल और गैस की भारी कमी से ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकती हैं। इससे पूरी दुनिया की सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है और महंगाई में तेजी आ सकती है। भारत, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के सामने ऊर्जा संकट खड़ा होने की आशंका है।







