आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक टक्कर के बाद लगी आग, 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत

आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। एक निजी ट्रैवल बस और टिपर ट्रक की टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई, जिससे कई यात्री उसमें फंस गए। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
यह दुर्घटना रायवरम इलाके के पास पत्थर की खदानों के नजदीक हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। जान बचाने के लिए यात्री बस से कूदकर भागने लगे, लेकिन कई लोग बाहर नहीं निकल सके।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। आग इतनी भयावह थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा बुधवार रात करीब 1:30 बजे हुआ। बस नेल्लोर से हैदराबाद जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस का दाहिना टायर फटने से वह अनियंत्रित हो गई, डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई।
पुलिस के अनुसार बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि कई घायलों की हालत नाजुक है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।







