ईरान ने खोला हॉर्मुज जलडमरूमध्य: भारत समेत मित्र देशों के जहाजों को मिली आवाजाही की अनुमति

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने बड़ा फैसला लेते हुए भारत समेत अपने मित्र देशों के जहाजों को हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरगची ने गुरुवार को इस फैसले का ऐलान किया। ईरान के मुंबई स्थित महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि चीन, रूस, भारत, इराक और पाकिस्तान जैसे मित्र देशों के जहाज अब हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर सकेंगे। इस फैसले को वैश्विक व्यापार के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह मार्ग तेल, गैस और उर्वरक की सप्लाई का प्रमुख रास्ता है।
यह घोषणा संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की अपील के तुरंत बाद आई है। गुटेरेस ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को जल्द से जल्द खोलने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि लंबे समय तक इस मार्ग के बंद रहने से तेल, गैस और उर्वरक की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और आम लोगों पर गंभीर असर पड़ रहा है।
गुटेरेस ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को खत्म करने की भी अपील की। उन्होंने अमेरिका, इजरायल और ईरान से युद्ध रोकने का आग्रह करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती मानवीय पीड़ा, नागरिकों की मौतें और आर्थिक नुकसान चिंताजनक हैं। साथ ही उन्होंने ईरान से उन पड़ोसी देशों पर हमले रोकने को कहा जो इस संघर्ष में शामिल नहीं हैं। गौरतलब है कि इससे पहले 25 मार्च को न्यूयॉर्क स्थित ईरानी मिशन ने भी संकेत दिया था कि ‘गैर-दुश्मन जहाजों’ को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।







