ICC T20 रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा, अभिषेक शर्मा नंबर-1, ईशान किशन दूसरे स्थान पर

आईसीसी ने 25 मार्च को मेंस क्रिकेट की ताजा टी20 रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें भारतीय बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन एक बार फिर देखने को मिला। टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 875 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन 871 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हैं। दोनों के बीच केवल 4 अंकों का अंतर है।
टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद ईशान किशन ने जो रैंकिंग में उछाल हासिल किया था, वह अब भी बरकरार है। दूसरी ओर, भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी ताजा रैंकिंग में फायदा हुआ है। वह दो पायदान ऊपर चढ़कर अब 772 अंकों के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इससे पहले वह नौवें स्थान पर थे।
गेंदबाजों की रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती 740 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। वहीं पहले स्थान पर अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान काबिज हैं। कुल मिलाकर ताजा आईसीसी रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा साफ नजर आ रहा है, जो आईपीएल 2026 से पहले टीम के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।







