होर्मुज से निकले भारतीय एलपीजी टैंकर, संकट के बीच देश को राहत की उम्मीद

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद वैश्विक तनाव बढ़ने से भारत में गैस, पेट्रोलियम उत्पादों और उर्वरकों की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासतौर पर एलपीजी की उपलब्धता को लेकर कई जगहों पर मारामारी की स्थिति बन रही है। हालांकि सरकार लगातार यह भरोसा दिला रही है कि सप्लाई व्यवस्था बाधित नहीं होगी और कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
इस बीच राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय झंडे वाला एलपीजी टैंकर ‘Pine Gas’ और ‘जग वसंत’ होर्मुज स्ट्रेट के खतरनाक क्षेत्र को सुरक्षित पार कर चुके हैं और भारत की ओर बढ़ रहे हैं। होर्मुज पार करने के बाद इन टैंकरों की पहली तस्वीरें भी सामने आई हैं।
‘Pine Gas’ टैंकर पर कुल 27 भारतीय नाविक सवार हैं। यह टैंकर 27 से 28 मार्च के बीच भारतीय तट पर पहुंच सकता है। जानकारी के अनुसार, टैंकर ने ईरानी तट के पास लारक और केशम द्वीप के बीच से गुजरते हुए होर्मुज स्ट्रेट पार किया। ओमान की खाड़ी में प्रवेश करते ही भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने इसे अपनी निगरानी में ले लिया और अब यह सुरक्षित रूप से आगे बढ़ रहा है।
‘Pine Gas’ के साथ ‘जग वसंत’ टैंकर भी होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका है। इन दोनों जहाजों के जरिए करीब 92,612 मीट्रिक टन एलपीजी भारत लाई जा रही है, जिससे देश में सप्लाई को राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही सीमित हो गई थी। ईरान ने यहां से गुजरने वाले जहाजों के लिए अनुमति अनिवार्य कर दी थी। इस दौरान कई जहाजों पर हमलों की खबरें भी सामने आईं। ऐसे हालात में भारतीय टैंकरों का सुरक्षित निकलना देश के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।







