Main Slideखेल

काल सोमानी के कंसोर्टियम ने खरीदी राजस्थान रॉयल्स, आईपीएल में बड़ा सौदा

आईपीएल की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स के मालिकाना हक को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है। भारत में जन्मे अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने फ्रेंचाइजी को खरीदने की बोली जीत ली है। इस ग्रुप ने टीम के लिए 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,282 करोड़ रुपये) की बड़ी पेशकश की है। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की टीम रियान पराग की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है।

काल सोमानी पहले से ही 2021 से राजस्थान रॉयल्स में निवेशक रहे हैं। अब उनके नेतृत्व में नया कंसोर्टियम टीम की कमान संभालेगा। इस ग्रुप में अमेरिकी अरबपति रॉब वाल्टन और हैम्प परिवार भी शामिल हैं। रॉब वाल्टन, सैम वाल्टन के सबसे बड़े बेटे हैं और दुनिया के सबसे अमीर लोगों में गिने जाते हैं।

काल सोमानी का जन्म भारत में हुआ और बाद में वह अमेरिका के एरिजोना राज्य के स्कॉट्सडेल में बस गए। उन्होंने टेक्नोलॉजी और एजुकेशन सेक्टर में कई कंपनियां खड़ी की हैं। पिछले 15 वर्षों में उन्होंने एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, एआई गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक से जुड़े वेंचर्स को लीड किया है।

राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2008 में शेन वॉर्न की कप्तानी में खिताब जीता था। हालांकि इसके बाद टीम का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2022 में टीम फाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। फ्रेंचाइजी को 2016 और 2017 में बैन का सामना भी करना पड़ा था, लेकिन अब नए निवेश और नेतृत्व के साथ टीम एक नई शुरुआत की ओर बढ़ रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close