सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती

सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार उन्हें सीने में तकलीफ के चलते अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। उनका इलाज डॉक्टर अनूप बासु की देखरेख में चल रहा है। अस्पताल में उनके साथ प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी मौजूद हैं। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।
इससे पहले जनवरी 2026 में भी उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां करीब छह दिनों तक उनका इलाज चला। उस दौरान उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी, जिसकी वजह बढ़ता प्रदूषण और ब्रोंकियल अस्थमा बताया गया था।
79 वर्षीय सोनिया गांधी लंबे समय से खांसी की समस्या से भी जूझ रही हैं और नियमित रूप से डॉक्टरों की निगरानी में रहती हैं। इससे पहले जून 2025 में हिमाचल प्रदेश दौरे के दौरान भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें शिमला के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।गौरतलब है कि 2004 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के दौरान सोनिया गांधी की छवि एक प्रभावशाली नेता के रूप में रही। वह नेशनल एडवाइजरी काउंसिल की अध्यक्ष और यूपीए की चेयरपर्सन रहीं, जहां नीतिगत फैसलों में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।







