सपा विधायक अबू आजमी का विवादित बयान, कहा- महाराष्ट्र में मुसलामानों का सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने विधानसभा में ऐसा बयान दिया है, जिससे सियासी विवाद खड़ा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य में मुस्लिम समुदाय खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और हालात इतने बिगड़ गए हैं कि उनके लिए सड़कों पर चलना भी मुश्किल हो गया है।
आजमी के अनुसार, दाढ़ी, कुर्ता या टोपी पहनकर बाहर निकलने वाले लोगों को डर बना रहता है कि उनके साथ कब कोई अप्रिय घटना हो जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता की राजनीति के चलते समाज में नफरत बढ़ी है, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने हाल की कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पुणे में इफ्तार कर रहे लोगों पर हमला, अकोला में एक नाबालिग की हत्या और नांदेड़ में ईद के दिन हुआ संदिग्ध विस्फोट, ये सभी घटनाएं समाज में बढ़ती असहिष्णुता का संकेत हैं।
सपा विधायक ने यह भी कहा कि समाज में सहनशीलता लगातार कम हो रही है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग की कि हेट क्राइम के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सभी समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और किसी को भी डर के माहौल में जीने के लिए मजबूर न होना पड़े।







