पाक राजनयिक अब्दुल बासित की गीदड़भभकी- अमेरिका ने पाकिस्तान पर हमला किया तो हम दिल्ली, मुंबई पर करेंगे अटैक

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अब दक्षिण एशिया में भी बयानबाज़ी तेज हो गई है। पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त अब्दुल बासित के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है, जिसमें उन्होंने चरम स्थिति में भारत को निशाना बनाने की बात कही है।
एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर चर्चा के दौरान बासित ने कहा कि यदि किसी विदेशी ताकत, खासकर यूएस द्वारा पाकिस्तान पर हमला किया जाता है, तो जवाबी रणनीति में भारत के बड़े शहरों को टारगेट किया जा सकता है। उन्होंने मुंबई और दिल्ली का नाम लेते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में पाकिस्तान के पास कड़े कदम उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं रहेगा।
हालांकि बासित ने अपने बयान को “सबसे खराब स्थिति” का अनुमान बताते हुए यह भी कहा कि न तो पाकिस्तान और न ही भारत इस तरह के टकराव की इच्छा रखते हैं। इसके बावजूद उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
गौरतलब है कि अब्दुल बासित 2014 से 2017 के बीच नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायुक्त रह चुके हैं। उस दौरान दोनों देशों के संबंध पहले से ही संवेदनशील थे, ऐसे में भारत को लेकर उनके ताज़ा बयान को काफी गंभीरता से देखा जा रहा है।
इस बीच क्षेत्रीय तनाव का एक और मोर्चा अफगानिस्तान में खुला हुआ है। अफगान अधिकारियों ने पाकिस्तानी सेना पर काबुल, कंधार और पक्तिका जैसे इलाकों में हवाई हमले करने के आरोप लगाए हैं। जबीउल्लाह मुजाहिद ने दावा किया है कि इन हमलों में नागरिक ठिकानों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।







