Main Slideउत्तर प्रदेश

सऊदी अरब पर हुए मिसाइल हमले में यूपी के सीतापुर के रहने वाले रवि की मौत, परिजनों को शव का इंतजार

सीतापुर। यूपी के सीतापुर के रहने वाले रवि की मिसाइल हमले में मौत हो गई। जिस समय रवि की मौत हुई वह अपनी पत्नी से मोबाइल पर बात कर रहे थे। घटना को लेकर परिवार में मातम पसरा है, वहीं परिजन इसे ईरान-इजरायल तनाव के बीच हुए मिसाइल हमले से जोड़ रहे हैं।

महमूदाबाद थाना क्षेत्र के बधाई गांव निवासी 26 वर्षीय रवि गोपाल सितंबर 2025 में नौकरी के लिए सऊदी अरब गए थे, जहां वे ड्राइवर का काम कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, उनकी आखिरी बार 18 मार्च की रात करीब 9:54 बजे बात हुई थी। बड़े भाई मनमोहन ने बताया कि बातचीत के दौरान अचानक फोन कट गया और बैकग्राउंड में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया।

परिवार के अनुसार, अगले दिन 19 मार्च को रवि के साथ काम करने वाले उनके सहयोगी रामनिवास यादव ने फोन कर बताया कि रियाद में शाम करीब 5 बजे हुए हमले में रवि की मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि शव मिल चुका है और उसे फिलहाल फ्रीजर में रखा गया है।

हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक भारतीय दूतावास या किसी सरकारी एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। जिला प्रशासन ने भी कहा है कि उन्हें इस घटना की कोई पुष्टि नहीं मिली है और वे जानकारी जुटाने में लगे हैं। रवि गोपाल अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में उनके पिता, मां, पत्नी और चार साल का बेटा है। उनके बड़े भाई लखनऊ में काम करते हैं और अलग से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

परिजनों ने बताया कि रवि पहली बार 2020 में शादी के बाद सऊदी अरब गए थे। साल 2025 में बहन की शादी के लिए वे कुछ समय के लिए भारत लौटे थे, जिसके बाद फिर से काम पर चले गए थे। अब शोक में डूबे परिवार ने सरकार से गुहार लगाई है कि रवि के शव को जल्द से जल्द भारत लाया जाए और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाए।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close