पीएम मोदी 28 मार्च को करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का (जेवर) उद्घाटन, दिल्ली-NCR और यूपी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के विकास को गति देने वाला नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) अब पूरी तरह उड़ानों के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औपचारिक रूप से इसकी घोषणा की है कि आगामी 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भव्य एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। हाल ही में DGCA से लाइसेंस मिलने के बाद हवाई अड्डे के संचालन की सभी कानूनी अड़चनें दूर हो गई हैं।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जेवर में तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। उद्घाटन के दिन टर्मिनल बिल्डिंग के सामने विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए 10 फीट ऊंचा मुख्य मंच तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ और वातानुकूलित ‘जर्मन हैंगर’ लगाए गए हैं। प्रशासन ने खराब मौसम और आंधी-बारिश को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया है। बुलंदशहर, गाजियाबाद, अलीगढ़ और मथुरा जैसे आसपास के जिलों से करीब डेढ़ लाख लोग इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन के लिए एयरपोर्ट परिसर में पांच हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। पीएम मोदी हेलिकॉप्टर से पूरे एप्रेन और टर्मिनल का हवाई निरीक्षण करेंगे और फिर जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर सीआईएसएफ और यूपी पुलिस ने पूरे परिसर को अपने घेरे में ले लिया है, और बिना गहन सत्यापन के किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
जेवर एयरपोर्ट को चरणों में विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में एक रनवे और एक बड़ा टर्मिनल तैयार किया गया है, जहां से शुरुआत में हर दिन करीब 150 उड़ानें संचालित की जा सकेंगी। शुरुआत में केवल घरेलू उड़ानें संचालित होंगी और कुछ समय बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू की जाएंगी। इस चरण में एयरपोर्ट सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा।
आने वाले समय में जेवर एयरपोर्ट को और बड़ा किया जाएगा। पूरी तरह विकसित होने के बाद यह करीब 11,750 एकड़ में फैला होगा और यहां कुल 5 रनवे होंगे। पूरी क्षमता पर यह एयरपोर्ट सालाना 30 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल हो जाएगा।







