Main Slideप्रदेश

राज्यसभा चुनाव पर सियासत गरम: सीएम नायब सैनी का कांग्रेस पर हमला, बोले – ‘हताश और निराश है विपक्ष’

हरियाणा में बजट सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्यसभा चुनाव और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हुआ और उनके उम्मीदवार संजय भाटिया की जीत हुई।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार ऐसा देखा है जब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और दो बार मुख्यमंत्री रह चुके नेता को पोलिंग एजेंट बनना पड़ा। उनके अनुसार यह कांग्रेस के अंदर विश्वास की कमी को दर्शाता है। सैनी ने कहा कि न तो राहुल गांधी को अपने विधायकों पर भरोसा है और न ही पार्टी नेतृत्व को, जिससे स्पष्ट है कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि सदन में कांग्रेस की भूमिका निराशाजनक रही है और पार्टी पूरी तरह हताशा की स्थिति में है।

राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनकी ओर से केवल एक ही उम्मीदवार उतारा गया था। निर्दलीय उम्मीदवार स्वयं चुनाव मैदान में उतरे थे। सैनी ने इनेलो पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान वह कांग्रेस की ‘बी टीम’ की तरह नजर आई और कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पूरा जोर लगाया।

बजट सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस बार 13 बैठकें हुईं और करीब 55 घंटे तक सकारात्मक चर्चा चली, जो अब तक का सबसे लंबा सत्र रहा। उन्होंने बताया कि 2 मार्च को बतौर वित्त मंत्री उन्होंने राज्य का बजट पेश किया और सभी सदस्यों के सुझावों का स्वागत किया गया।

सीएम ने जानकारी दी कि सत्र के दौरान तीन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। आठ विधेयकों पर भी सदन में विचार-विमर्श हुआ। अंतिम दिन गुजरात के राज्यपाल ने प्राकृतिक खेती पर अपने विचार रखे, जिसके लिए उन्होंने उनका आभार जताया। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष की भी सराहना की, जिन्होंने पूरे सत्र को सुचारु रूप से संचालित किया।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close