Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेशराजनीति

फर्रुखाबाद में पूर्व विधायक विजय सिंह के घर भीषण धमाका, दो बेटों समेत 6 लोग घायल

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर मंगलवार शाम जोरदार धमाका हो गया। संदिग्ध परिस्थितियों में हुए इस ब्लास्ट में उनके दो बेटों सहित कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीन मंजिला इमारत तक हिल गई और कई कमरों की छत व दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के नाला मछरट्टा इलाके की बताई जा रही है। धमाके के समय घर में परिवार के कई सदस्य मौजूद थे। हादसे में उनके बेटे अभिषेक सिंह उर्फ सिक्की और अविनाश सिंह उर्फ विक्की गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा तीन अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं।

जिला अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के अनुसार, यह विस्फोट शाम करीब 7:45 बजे घर के बेसमेंट में हुआ। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि बेसमेंट की छत उड़ गई, जबकि ऊपरी मंजिलों की रेलिंग, खिड़कियां और दरवाजे भी टूट गए। आसपास के मकानों और दुकानों में भी कंपन महसूस किया गया और धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

घायलों में नूरपुर गांव के पूर्व प्रधान भैयालाल चौहान भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। इस दौरान विजय सिंह की पत्नी बाल-बाल बच गईं, क्योंकि घटना के समय वह पूजा के लिए मंदिर गई हुई थीं। उन्होंने इस विस्फोट के पीछे साजिश की आशंका जताई है।

मौके पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह और अन्य अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही धमाके के कारणों का खुलासा हो सकेगा। गौरतलब है कि विजय सिंह पूर्व ऊर्जा मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में दोषी ठहराए जा चुके हैं और वर्तमान में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close