Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

गोरखपुर में पूर्व पार्षद की दिनदहाड़े हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मारकर चाकुओं से किया हमला

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने गोली मारकर और चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक हमलावर पहले से ही घात लगाकर बैठे हुए थे। जैसे ही राजकुमार चौहान वहां पहुंचे, चार बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने पहले उनके सिर में गोली मारी और फिर सीने पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद खून से लथपथ हालत में भी राजकुमार चौहान करीब 100 मीटर तक जान बचाने के लिए दौड़े, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर दोबारा घेर लिया और तब तक हमला करते रहे जब तक उनकी सांसें थम नहीं गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात के बाद हमलावर कुछ देर तक मौके पर ही बैठे रहे। जब उन्हें यकीन हो गया कि राजकुमार चौहान की मौत हो चुकी है, तब वे वहां से फरार हो गए। बदमाशों का यह बेखौफ अंदाज देखकर इलाके के लोग भी सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुट गए हैं और हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close