बारिश से दिल्ली की हवा हुई साफ, एक्यूआई 97 पहुंचा; तापमान में भी आई गिरावट

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार को कई इलाकों में हुई बारिश का असर सोमवार को साफ तौर पर देखने को मिला। बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है और एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) घटकर 97 पर पहुंच गया है, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के बाद राजधानी के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है।
स्टेशनवार तापमान में अंतर
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पालम में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। वहीं लोधी रोड में 16.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। रिज क्षेत्र में तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है, जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है।
कई इलाकों में दर्ज हुई हल्की बारिश
राजधानी के कई हिस्सों में रविवार को हल्की बारिश हुई। सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे के दौरान दर्ज वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में 0.4 मिमी, लोधी रोड में 0.5 मिमी और आयानगर में 0.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं पालम और रिज क्षेत्रों में नगण्य वर्षा दर्ज की गई।
इस साल पहली बार ‘संतोषजनक’ श्रेणी में हवा
बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया है। यदि सोमवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई इसी स्तर पर बना रहता है तो यह इस वर्ष का पहला दिन होगा जब दिल्ली की हवा ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज होगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वर्गीकरण के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।







