Main Slideराष्ट्रीय

फेमस होने के चक्कर में युवक ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर फेंके पत्थर, कुछ ही घंटों में पकड़ा गया

मुंबई। आजकल सोशल मीडिया पर मशहूर होने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं। लेकिन महाराष्ट्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने सिर्फ कैमरे में कैद होने और चर्चा में आने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी कर दी। इतना ही नहीं, उसने इस पूरी हरकत का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड भी किया, मानो वह कोई बड़ा कारनामा कर रहा हो। हालांकि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ लिया।

ट्रेन के कई कोच हुए क्षतिग्रस्त

यह घटना 13 मार्च की बताई जा रही है। ठाकुर्ली और कल्याण रेलवे स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 52/114 के पास एक व्यक्ति ने सीएसएमटी–साईनगर शिर्डी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके। पत्थर लगने से कोच C-1, C-3, C-4 और C-7 की खिड़कियों के शीशे टूट गए। सूचना मिलते ही आरपीएफ कल्याण और सीआईबी की टीम ने पतरीपुल इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया और संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

जांच के दौरान युवक की पहचान पुणे निवासी 23 वर्षीय सनी कांबले के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह गांजे के नशे में रेलवे ट्रैक के पास गया था और यात्रियों को डराने के लिए ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों पर पत्थर फेंकने लगा।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

आरपीएफ थाना कल्याण में आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 और 147 के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद एमसीआर हिरासत में भेजा गया और बाद में अधरवाड़ी जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close