Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

यूपी में गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगे बुजुर्ग की मौत, फर्रुखाबाद में एजेंसी के बाहर गिरे, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।

घटना कोतवाली क्षेत्र के लाल सराय स्थित पानी की टंकी के पास भारत गैस एजेंसी की है। शुक्रवार सुबह करीब 75 वर्षीय मुख्तार अंसारी गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे। इसी दौरान अचानक वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

लाइन में लगे-लगे बिगड़ी तबीयत

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की और सीपीआर देकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक मुख्तार अंसारी ने पहले ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करा दी थी। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वे खुद एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंच गए थे। लाइन में लगे रहने के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई।

पहले से बीमार थे, लेकिन घर में खत्म हो गई थी गैस

परिवार वालों का कहना है कि मुख्तार अंसारी पहले से ही स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। इसके बावजूद घर में खाना बनाने के लिए गैस पूरी तरह खत्म हो गई थी, इसलिए वे खुद एजेंसी पर लाइन में लगने चले गए थे।

परिजनों ने बताया कि इससे पहले कभी गैस की ऐसी किल्लत नहीं हुई थी, लेकिन अब बुकिंग के बाद भी लोगों को कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

पंजाब में भी हुई थी ऐसी ही घटना

गौरतलब है कि इससे पहले पंजाब के बरनाला में भी गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगे 66 वर्षीय भूषण कुमार मित्तल की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

देश के कई हिस्सों से गैस आपूर्ति में दिक्कतों की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हालांकि कई जगह प्रशासन स्थिति सामान्य होने का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी तस्वीरें कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close