Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

रीवा एक्सप्रेस में आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला, अविमुक्तेश्वरानंद पर साजिश का आरोप

प्रयागराज आते समय रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार वह गाजियाबाद से रीवा एक्सप्रेस के एच-1 कोच में सवार होकर प्रयागराज आ रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर और कौशांबी जिलों के बीच सिराथू रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के अंदर ही एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमले के दौरान आशुतोष ब्रह्मचारी ने खुद को ट्रेन के टॉयलेट में बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। हमले में उन्हें कई जगह चोटें आईं और वह लहूलुहान हालत में प्रयागराज पहुंचे। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रयागराज पहुंचने के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने पत्रकारों से बातचीत में इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की साजिश होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हमलावर उनकी नाक काटना चाहता था। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनके लोगों द्वारा उनकी नाक काटने पर 21 लाख रुपये का इनाम रखे जाने की बात भी सामने आई थी।

आशुतोष ब्रह्मचारी ने प्रयागराज जंक्शन स्थित जीआरपी थाने में इस मामले की एफआईआर दर्ज कराई है। उनका मेडिकल प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में कराया गया। उन्होंने दावा किया कि हमलावर ने हमला करते समय कहा कि तुमने हमारे गुरु के खिलाफ केस दर्ज कराया है, इसलिए तुम्हें मार देंगे।

दरअसल, मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में 12 मार्च को होनी है। इसके अलावा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए गए यौन शोषण के आरोपों के मामले में भी हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया जाना है। इन दोनों मामलों की पैरवी के लिए ही आशुतोष ब्रह्मचारी प्रयागराज जा रहे थे।

घटना के बाद जीआरपी की कई टीमें हमलावर की पहचान और तलाश में जुट गई हैं। सिराथू रेलवे स्टेशन के आसपास भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने आशुतोष ब्रह्मचारी से हमलावर के हुलिए और अन्य जानकारियां ली हैं। प्रारंभिक आशंका यह भी जताई जा रही है कि हमलावर नशे की हालत में हो सकता है।

हमले के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपनी सुरक्षा की मांग भी की है। उनका कहना है कि जिस तरह उनकी नाक काटने पर इनाम रखने की बात सामने आई है, उसे देखते हुए उन्हें आगे भी जान का खतरा बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close