Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

शाहजहांपुर में होली के दिन सनसनीखेज वारदात, पति ने पत्नी का गला रेतकर की हत्या, प्रेमी पर फेंका तेजाब

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में होली के त्योहार के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चौक कोतवाली क्षेत्र की बालाजी नगर कॉलोनी में बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। इसके साथ ही उसने पत्नी के प्रेमी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। इस घटना में आरोपी पति भी घायल हो गया।

मृतका की पहचान 31 वर्षीय आरती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना चौक कोतवाली क्षेत्र की बालाजी नगर कॉलोनी में हुई। सुबह जब लोग होली खेलने के लिए घरों से बाहर निकले तो एक मकान के बाहर महिला का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। वहीं पास में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलसा हुआ पड़ा था और एक अन्य घायल व्यक्ति शव के पास बैठकर रो रहा था। यह दृश्य देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी पति मनमोहन पांडे उर्फ सोनू मुखौटा लगाकर होली खेलने के बहाने घर में घुसा था। दरवाजा खुलते ही उसने आरती के साथ रह रहे बृजदीप पर तेजाब फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा और शरीर बुरी तरह झुलस गया। इसके बाद जब आरती बाहर आई तो मनमोहन ने धारदार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार आरती ने करीब 10 साल पहले मनमोहन पांडे से लव मैरिज की थी। दोनों मूल रूप से रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। शादी के बाद उनके रिश्ते में लगातार विवाद होने लगे थे। आरती ने अपने पति के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया था। इसी दौरान आरती का चौक कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले बृजदीप से संपर्क हुआ और दोनों के बीच संबंध बन गए।

पिछले कुछ महीनों से आरती और बृजदीप बालाजी नगर में किराए के मकान में लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार मनमोहन इस रिश्ते से बेहद नाराज था और इसी वजह से उसने यह खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि आरती और मनमोहन की सात साल की एक बेटी भी है, जो अपनी मां के साथ रहती थी। पति-पत्नी के बीच अनबन के बाद दोनों अलग हो गए थे और आरती ने अदालत में तलाक के लिए अर्जी भी दी थी। अदालत की ओर से उन्हें छह महीने का समय दिया गया था। आरती बृजदीप के साथ डाटा फीडिंग का काम करती थी और दोनों ने भविष्य में शादी करने का फैसला भी कर लिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close