Main Slideअन्तर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

जेद्दा से आज 10 विशेष राहत उड़ानें संचालित करेगा इंडिगो, मस्कट के लिए एयर इंडिया ने शुरू की नियमित सेवाएं

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अलग-अलग देशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में इंडिगो 3 मार्च को सऊदी अरब के जेद्दा से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें संचालित करेगा। इन उड़ानों का उद्देश्य मौजूदा परिस्थितियों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित घर पहुंचाना है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सोमवार को जानकारी दी कि जेद्दा से संचालित ये विशेष उड़ानें मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए होंगी। ये सभी उड़ानें उन यात्रियों के लिए निर्धारित हैं, जिनकी पहले से बुकिंग थी लेकिन हालात के कारण वे यात्रा नहीं कर सके। इंडिगो ने एक एडवाइजरी जारी कर बताया कि वह जेद्दा में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के साथ समन्वय कर रही है, ताकि यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। एयरलाइन ने कहा कि फंसे हुए यात्रियों को जल्द से जल्द स्वदेश लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, एयर इंडिया ने 3 मार्च से ओमान के मस्कट के लिए नियमित उड़ानें फिर से शुरू करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने बताया कि अमेरिका, कनाडा, यूरोप और यूनाइटेड किंगडम के लिए उसकी निर्धारित उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। हालांकि, मध्य पूर्व के कई एयरस्पेस बंद होने के कारण एयर इंडिया ने इस क्षेत्र से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को 3 मार्च 2026 की रात 12 बजे तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि मध्य पूर्व की स्थिति पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी एयरलाइंस को टिकट रिफंड, रीशेड्यूलिंग और अन्य सहायता संबंधी नियमों का पालन करने तथा यात्रियों को पारदर्शी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से अपनी उड़ान की ताजा स्थिति अवश्य जांच लें।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close