1 मार्च से बदलेंगे कई अहम नियम, टिकट बुकिंग से लेकर UPI और गैस कीमतों तक असर

1 मार्च, रविवार से कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा प्रभाव आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। ऑनलाइन टिकट बुकिंग, यूपीआई लेनदेन, सिम बाइंडिंग और एलपीजी-सीएनजी की कीमतों से जुड़े नियमों में परिवर्तन किया जा रहा है। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में विस्तार से।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग का नया नियम
1 मार्च से ऑनलाइन जनरल क्लास और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग के नियम बदल जाएंगे। अब यात्री भारतीय रेल के यूटीएस ऐप से जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुक नहीं कर सकेंगे। इसके लिए केवल RailOne मोबाइल ऐप का उपयोग करना होगा। यानी ऑनलाइन अनारक्षित टिकट बुकिंग के लिए नया आधिकारिक प्लेटफॉर्म लागू होगा।
UPI ट्रांजैक्शन होंगे और सुरक्षित
डिजिटल भुगतान को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए यूपीआई लेनदेन में नया सुरक्षा नियम लागू किया जा रहा है। अब बड़े अमाउंट के ट्रांजैक्शन के लिए केवल UPI PIN पर्याप्त नहीं होगा। 1 मार्च से अधिक राशि ट्रांसफर करने पर UPI PIN के साथ बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य साइबर धोखाधड़ी को कम करना है।
सिम बाइंडिंग का नया प्रावधान
डिजिटल और साइबर फ्रॉड पर रोक लगाने के लिए सिम बाइंडिंग का नियम लागू किया जा रहा है। इसके तहत वॉट्सऐप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप्स सीधे मोबाइल सिम से लिंक रहेंगे। यदि मोबाइल से सिम कार्ड निकाल दिया जाता है तो ये ऐप तुरंत काम करना बंद कर देंगे। ऐसे में केवल वाई-फाई या हॉटस्पॉट के जरिए इन ऐप्स का इस्तेमाल संभव नहीं होगा।
एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी और एटीएफ की कीमतें
तेल विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी और एटीएफ की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इसलिए 1 मार्च को भी इन ईंधनों के दामों में कटौती या बढ़ोतरी की घोषणा की जा सकती है। इसका असर घरेलू बजट और परिवहन खर्च पर पड़ सकता है। इन सभी बदलावों के चलते 1 मार्च से आम लोगों को कई नए नियमों के अनुसार अपनी दिनचर्या और वित्तीय लेनदेन को ढालना होगा।







