होली से पहले यूपी सरकार का तोहफा, 28 फरवरी को जारी होगी सैलरी और पेंशन

होली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है। शासन ने आदेश जारी कर कहा है कि फरवरी माह का वेतन 28 फरवरी को ही जारी कर दिया जाएगा। इसी दिन पेंशन और पारिवारिक पेंशन का भुगतान भी किया जाएगा, ताकि त्योहार से पहले किसी को आर्थिक दिक्कत का सामना न करना पड़े।
अवकाश को देखते हुए लिया गया फैसला
सरकार की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार 1 मार्च को सामान्य अवकाश और 2 मार्च को होलिका दहन के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। लगातार छुट्टियों के कारण वेतन और पेंशन के भुगतान में देरी की संभावना को देखते हुए सरकार ने समय से पहले भुगतान का निर्णय लिया है। यह आदेश राज्यपाल की अनुमति से जारी किया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने दिए निर्देश
स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय को भी 2 मार्च से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि से पहले सभी भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। आदेश में यह भी उल्लेख है कि 2 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा।
सभी जिलों को सख्त निर्देश
वित्त लेखा अनुभाग-1 की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी और स्थानीय निकायों के कार्मिक भी इस फैसले के दायरे में शामिल होंगे। सभी जिलाधिकारियों और कोषाधिकारियों को 28 फरवरी को वेतन, पेंशन और पारिवारिक पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर भुगतान में देरी नहीं होनी चाहिए। इस फैसले से राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को होली से पहले बड़ी राहत मिलेगी।







