Main Slideप्रदेश

जापान दौरे पर सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश को बताया निवेश का सबसे बड़ा केंद्र, 11 हजार करोड़ के प्रस्ताव मिले

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के यामानाशी प्रांत में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रदेश को निवेश के लिए देश का सबसे उपयुक्त राज्य बताया। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाला उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है और यहां निवेश की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और संसाधनों की तुलना जापान के यामानाशी प्रांत से करते हुए कहा कि जिस प्रकार यामानाशी प्राकृतिक रूप से समृद्ध है, उसी तरह उत्तर प्रदेश भी विकास की नई गाथा लिख रहा है।

नौ वर्षों में आर्थिक प्रगति तेज

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने तेज आर्थिक प्रगति दर्ज की है। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय लगभग तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने स्वीकार किया कि बड़े राज्य के सामने चुनौतियां भी बड़ी होती हैं, लेकिन सरकार ने इन चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए बुनियादी ढांचे, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं।

औद्योगिक और तकनीकी सहयोग पर जोर

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में औद्योगिक निवेश, तकनीकी सहयोग, कृषि प्रसंस्करण और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग को नई दिशा देने और निवेश को प्रोत्साहित करने पर सहमति जताई।

उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश और पर्यटन केंद्र बनाने का दावा

मुख्यमंत्री ने जापान में भारतीय समुदाय और निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब दीपोत्सव, महाकुंभ और वैश्विक निवेश का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि पहले कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को लेकर चुनौतियां थीं, लेकिन अब सड़क नेटवर्क में सुधार हुआ है और प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

हाइड्रोजन तकनीक का अध्ययन, बड़े निवेश प्रस्ताव

जापान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने यामानाशी हाइड्रोजन फैसिलिटी P2G का दौरा कर स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों का अवलोकन किया। दौरे के पहले ही दिन टीम उत्तर प्रदेश को लगभग 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।इस दौरान Kubota Corporation, Minda Corporation और Japan Aviation Electronics Industry सहित कई कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह दौरा उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक तथा तकनीकी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close