टी20 विश्व कप में भारत के लिए अहम दिन, पहले दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्ट इंडीज मुकाबले पर टिकी निगाहें

टी20 विश्व कप में आज का दिन भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत का मुकाबला जिम्बाब्वे से चेन्नई में शाम को खेला जाएगा, लेकिन उससे पहले अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज के बीच होने वाला मैच भारतीय प्रशंसकों के लिए खास मायने रखता है। यह दिन का मुकाबला दोपहर तीन बजे से शुरू होगा और इसके नतीजे का सीधा असर भारत की सेमीफाइनल की राह पर पड़ेगा। भारत को अपने पिछले मैच में मिली हार ने उसकी स्थिति कठिन बना दी है। अब टीम इंडिया की नजरें सिर्फ अपने प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि दूसरे मैच के परिणाम पर भी टिकी हुई हैं।
भारत के लिए क्या है समीकरण
भारत के लिए सबसे अनुकूल स्थिति तब बनेगी जब दक्षिण अफ्रीका अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीत ले। यदि दक्षिण अफ्रीका वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे दोनों को हरा देती है और भारत भी अपने शेष दो मैचों में जिम्बाब्वे तथा वेस्ट इंडीज को पराजित कर देता है, तो दक्षिण अफ्रीका के छह अंक हो जाएंगे, जबकि भारत के चार अंक होंगे। भारत दक्षिण अफ्रीका से पहले ही हार चुका है, इसलिए अंक तालिका में वह उससे पीछे रहेगा, लेकिन सेमीफाइनल की दौड़ में बना रहेगा। ऐसी स्थिति में वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे के खाते में केवल दो-दो अंक ही रह जाएंगे। हालांकि यदि समीकरण उलटते हैं तो मामला नेट रन रेट पर अटक सकता है, जहां भारत की स्थिति फिलहाल अन्य टीमों की तुलना में कमजोर है।
अहमदाबाद में अहम टक्कर
अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में होने वाले दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज के मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी होंगी। इसी मैदान पर हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया था, जिससे उन्हें यहां की परिस्थितियों का अनुभव मिल चुका है। यह मैदान आकार में बड़ा है और यहां बड़े शॉट खेलना आसान नहीं माना जाता।दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में जबरदस्त फॉर्म में दिख रही है और हर मुकाबला फाइनल की तरह खेल रही है। पिछली बार फाइनल में भारत से मिली हार की कसक टीम के साथ है और वह इस बार अपने ऊपर लगे ‘चोकर’ के टैग को हटाने के इरादे से उतरी है। टीम के पास विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जरूर है, लेकिन अन्य आईसीसी ट्रॉफियों की कमी अब भी खलती है।
वहीं वेस्ट इंडीज दो बार टी20 विश्व कप जीत चुकी है और वह अपनी पुरानी बादशाहत को फिर से स्थापित करना चाहती है। भले ही टीम में पहले जैसी स्टार पावर न हो, लेकिन युवा खिलाड़ियों के दम पर वह बड़ा उलटफेर करने की क्षमता रखती है।अब देखना होगा कि दिन के मुकाबले का नतीजा क्या रहता है और शाम को भारत अपने प्रदर्शन से सेमीफाइनल की उम्मीदों को कितना मजबूत कर पाता है।







