Main Slideप्रदेश

महिला दिवस पर महिलाओं को मिलेगा बड़ा तोहफा, फिरोजपुर फीडर के उद्घाटन पर सीएम मान का ऐलान

भगवंत मान ने फिरोजपुर फीडर नहर के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने घोषणा की कि पंजाब की पात्र महिलाओं को 8 मार्च, महिला दिवस के अवसर पर बड़ा तोहफा दिया जाएगा। यह बयान उन्होंने उस सवाल के जवाब में दिया, जिसमें महिलाओं के खातों में एक हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने की तारीख पूछी गई थी।सीएम मान ने कहा कि उनकी सरकार का कार्यकाल पांच वर्ष का है और उन्होंने कई ऐसे काम भी पूरे किए हैं, जिनका वादा नहीं किया गया था। जो वादे किए गए हैं, वे भी इसी कार्यकाल में पूरे किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार, कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखबीर सिंह बादल पर भी निशाना साधा।

सुखबीर बादल पर साधा निशाना

सीएम मान ने विरोधी दलों की आलोचना करते हुए ‘गैंगस्टर’ मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि पंजाब में गैंगस्टर संस्कृति कौन लेकर आया। गैंगस्टरों को आतंकवादी कहने वाले बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इस विषय पर बात करने से पहले कुछ नेताओं को अपने घर से शुरुआत करनी चाहिए।

185 करोड़ से हुआ फिरोजपुर फीडर का नवीनीकरण

मुख्यमंत्री ने 185 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण कर तैयार की गई फिरोजपुर फीडर नहर का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने जिला फिरोजपुर के मक्खू कस्बे की अनाज मंडी में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित किया। कार्यक्रम में कई कैबिनेट मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। सीएम मान ने बताया कि नहर की लाइनिंग की गई है और रिचार्ज प्वाइंट बनाए गए हैं, जिससे अब 2600 क्यूसेक अतिरिक्त पानी प्रवाहित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि 74 वर्षों बाद इस नहर की सुध ली गई है। यह परियोजना फिरोजपुर, फरीदकोट, श्रीमुक्तसर साहिब और फाजिल्का के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

बरसात से पहले तैयारी पूरी करने का आश्वासन

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बाढ़ के दौरान हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जून तक का समय है और जिन इलाकों में ज्यादा नुकसान हुआ था, वहां मजबूती के काम तेजी से किए जा रहे हैं, ताकि इस साल बरसात में किसी तरह की परेशानी न हो।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close