1 मार्च से बदलेगा रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम, UTS ऐप होगा बंद, RailOne बनेगा नया ऑल-इन-वन प्लेटफॉर्म

भारतीय रेलवे 1 मार्च से अपने टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अगर आप मोबाइल से टिकट बुक करने के लिए आईआरसीटीसी के Rail Connect या UTS on Mobile ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। 1 मार्च से UTS ऐप को निष्क्रिय किया जा रहा है और उसकी जगह नया RailOne ऐप प्राथमिक प्लेटफॉर्म होगा।
क्यों बंद हो रहा है UTS ऐप
भारतीय रेलवे टिकटिंग प्रक्रिया को अधिक सरल और स्मार्ट बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। अभी तक जनरल (अनारक्षित) और रिजर्वेशन टिकट के लिए अलग-अलग ऐप्स का उपयोग करना पड़ता था, जिससे यात्रियों को असुविधा होती थी। इस झंझट को खत्म करने के लिए रेलवे अब सभी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने जा रहा है।
UTS ऐप को बंद कर उसकी जगह RailOne को विकसित किया गया है। यह केवल जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे ऑल-इन-वन रेलवे प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है। इसमें UTS (अनारक्षित टिकट), IRCTC Rail Connect (रिजर्वेशन), NTES (लाइव ट्रेन स्टेटस) और Rail Madad जैसी सेवाएं एक साथ मिलेंगी। धीरे-धीरे Rail Connect के कई फीचर्स भी RailOne में ट्रांसफर किए जा रहे हैं।
डिजिटल पेमेंट पर मिलेगा डिस्काउंट
रेलवे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए विशेष ऑफर भी दे रहा है। RailOne ऐप से जनरल टिकट बुक करने पर डिजिटल पेमेंट करने वाले यात्रियों को 3 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। यह ऑफर 14 जुलाई 2026 तक मान्य रहेगा।यात्री यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और आर वॉलेट के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। जिन यात्रियों के पास पहले से आर वॉलेट में बैलेंस है, वे नए ऐप में भी उसका उपयोग कर सकेंगे। रेलवे कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल कर रहा है।
कैसे काम करेगा RailOne ऐप
RailOne का उपयोग करने के लिए पहले अकाउंट बनाना होगा और अपना मौजूदा आईआरसीटीसी अकाउंट इससे लिंक करना होगा। लॉगिन के बाद यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार सेवाओं का चयन कर सकते हैं।जनरल टिकट बुक करने के लिए Journey Planner में जाकर Unreserved विकल्प चुनना होगा। इसके बाद From Station और To Station में यात्रा का स्टेशन दर्ज करें। चाहें तो जीपीएस ऑन करके ऐप को मौजूदा लोकेशन डिटेक्ट करने दें।इसके बाद ट्रेन का प्रकार जैसे मेल, एक्सप्रेस या सुपरफास्ट चुनें और यात्रियों की संख्या दर्ज करें। सभी जानकारी की पुष्टि करने के बाद यूपीआई, कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए भुगतान करें। भुगतान सफल होते ही टिकट जनरेट हो जाएगा।







